
जिले की पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। अहियापुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल झामु कुमार उर्फ राजा को दबोच लिया है। उस पर हत्या के प्रयास, लूट और पॉक्सो एक्ट जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल;
शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस को झामु कुमार के मुरादपुर दुल्ला इलाके में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को चोरी के मोबाइल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।
अपराध का लंबा काला चिट्ठा;
पूर्व विधायक मुसाफिर पासवान के पेट्रोल पंप से 27 लाख रुपये की लूट का वह मुख्य आरोपी है। उस पर हत्या के प्रयास, NDPS (मादक पदार्थ तस्करी) और पॉक्सो एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।
नेटवर्क तोड़ने की तैयारी;
सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि राजा की गिरफ्तारी से स्थानीय अपराधी गिरोहों की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा- “पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हम उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहे हैं ताकि लूट के अन्य मामलों का खुलासा हो सके।”