टॉप न्यूज़बिहार

राहुल गांधी के पड़ोसी बनेंगे नितिन नबीन: दिल्ली के लुटियंस जोन में मिला बंगला, जनवरी में संभाल सकते हैं बीजेपी की पूरी कमान

बिहार,नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब दिल्ली के सबसे पॉश इलाके लुटियंस जोन के नए निवासी होंगे। केंद्र सरकार द्वारा उन्हें सरकारी बंगला आवंटित कर दिया गया है। इस आवंटन की सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब वे कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पड़ोसी बन गए हैं।

सुनहरी बाग रोड होगा नया ठिकाना
नितिन नबीन को 9, सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला आवंटित किया गया है। यह ‘टाइप-8’ श्रेणी का बंगला है, जो आमतौर पर वरिष्ठ मंत्रियों और बड़े कद के नेताओं को दिया जाता है। इसी सड़क पर 5, सुनहरी बाग स्थित बंगला राहुल गांधी का आवास है। अब भाजपा और कांग्रेस के इन दो प्रमुख नेताओं के बीच की दूरी महज चंद कदमों की रह गई है। 14 दिसंबर को कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से नितिन नबीन अब तक दिल्ली के बिहार निवास में ठहरे हुए थे, लेकिन अब वे जल्द ही अपने नए सरकारी आवास में शिफ्ट होंगे।

जनवरी 2026 में बनेंगे ‘पूर्णकालिक’ अध्यक्ष
नितिन नबीन को मिला यह बड़ा बंगला इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी में उनका कद और बढ़ने वाला है। राजनीतिक गलियारों में यह लगभग तय माना जा रहा है कि 18 से 20 जनवरी 2026 के बीच होने वाले संगठनात्मक चुनावों में उन्हें आधिकारिक तौर पर भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। इससे पहले जेपी नड्डा को भी इसी प्रक्रिया के तहत पहले कार्यकारी और फिर स्थायी अध्यक्ष बनाया गया था।

बनेगा नया रिकॉर्ड: सबसे युवा अध्यक्ष
अगर नितिन नबीन जनवरी में अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे भारतीय जनता पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर नया रिकॉर्ड कायम करेंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा, जो आगामी लोकसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया तभी शुरू हो सकती है जब कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों में संगठनात्मक चुनाव संपन्न हो चुके हों। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए भाजपा ने अब तक 37 में से 29 राज्यों में अपनी आंतरिक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिसके बाद अब 15 जनवरी के बाद सभी प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया जाएगा। ऐसी प्रबल चर्चा है कि नितिन नबीन के नामांकन पत्र पर स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हस्ताक्षर करेंगे, जिसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण नामांकन पत्रों की जांच कर उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के साथ ही नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी अब अपने मिशन 2029 की ओर मजबूती से कदम बढ़ाती दिखाई दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!