
बिहार पुलिस ने आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘सिटीजन सर्विस पोर्टल’ लॉन्च किया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय में इसका उद्घाटन गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सीधे लोगों के घर तक पहुंचाना है, ताकि नागरिकों को छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गृह मंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार, यह पोर्टल बिहार पुलिस के कामकाज में एक अहम डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक, तेज़ और पारदर्शी सेवाएं देना है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से लोगों का समय, मेहनत और खर्च तीनों की बचत होगी, वहीं पुलिस सिस्टम की जवाबदेही भी बढ़ेगी। हालांकि, इस पोर्टल के माध्यम से आम लोग पुलिस सत्यापन, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने, खोया-पाया से जुड़ी सूचना देने सहित कई सेवाओं का लाभ अपने घर बैठे ले सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कोई शिकायत ऑनलाइन दर्ज होती है, उसकी जानकारी सीधे संबंधित थाने तक पहुंच जाती है। थाना स्तर पर प्राथमिक जांच के बाद मामले की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकती है। वहीं, खास बात यह है कि इस पोर्टल पर शिकायतकर्ता अपने आवेदन की प्रगति को रियल-टाइम में देख सकेगा, जिससे उसे बार-बार थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। उद्घाटन समारोह के दौरान बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, एडीजी कुंदन कृष्णन समेत बिहार पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में पोर्टल में और अधिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा पुलिस सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि यह पोर्टल बिहार में आधुनिक और तकनीक-आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न केवल सेवाओं की प्रक्रिया सरल और तेज़ होगी, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा भी मजबूत होगा। कुल मिलाकर, यह पहल शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुगमता को बढ़ावा देने वाली साबित होगी।
