भाजपा को नालंदा में बड़ा झटका: पूर्व प्रत्याशी छोटे मुखिया कांग्रेस में हुए शामिल, देवेंद्र यादव बोले – “यह बदलाव की शुरुआत है
नालंदा, राजनीति

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नालंदा जिले में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है, जब उसके पूर्व प्रत्याशी और चर्चित नेता कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया ने पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
बिहारशरीफ स्थित राजेन्द्र आश्रम में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में छोटे मुखिया ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और बिहार सह प्रभारी देवेंद्र यादव, मध्यप्रदेश के विधायक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। देवेंद्र यादव ने इस मौके पर कहा कि यह सिर्फ एक दल-बदल नहीं, बल्कि नालंदा की राजनीति में बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा, “अब लोग जुमलों और खोखले वादों से ऊब चुके हैं, जनता अब असली विकास चाहती है।”
छोटे मुखिया की नालंदा, खासकर ग्रामीण और पिछड़े वर्ग में अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर नई ऊर्जा और समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, भाजपा के लिए यह एक रणनीतिक नुकसान माना जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे आगामी चुनाव से पहले राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताया है। इस घटनाक्रम से यह साफ हो गया है कि नालंदा में मुकाबला अब और भी रोचक और टक्कर का होने वाला है।