
एक दर्दनाक सड़क हादसे में भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर गांव के 72 वर्षीय वृद्ध किसान रामदुलार मंडल की मौत हो गई। वे भागलपुर से मार्केटिंग कर घर लौट रहे थे, तभी अकबरनगर चौक के पास NH-80 पार करते समय एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा और अस्पताल में मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामदुलार मंडल सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद टोटो चालक उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचा जरूर, लेकिन वहां से चुपचाप फरार हो गया। डॉक्टरों ने बताया कि सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों की पीड़ा
मृतक के बेटे अमरजीत मंडल ने बताया कि उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि उनके पिता सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी हालत नाजुक थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो चुकी थी। टोटो चालक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन वह अस्पताल में भर्ती करवाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां हादसा हुआ, वहां एक अवैध टेंपो स्टैंड है, जहां से ऑटो-टोटो चालकों से अवैध वसूली की जाती है। इस दबाव में वाहन चालक अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसे होते हैं।


