
पटना में पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ दास के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई हुई है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट साझा करने के आरोप में शुक्रवार को उनके पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित आवास पर छापेमारी की गई।
छापेमारी की मुख्य बातें;
पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित ‘पटना स्काइज अपार्टमेंट’ के फ्लैट नंबर 22 (सेकेंड फ्लोर) पर पुलिस की टीम पहुंची। इस छापेमारी में पाटलिपुत्र और चित्रगुप्त नगर थाने सहित कुल तीन थानों की पुलिस बल शामिल रही। अमिताभ दास पर चित्रगुप्त नगर थाना में दर्ज कांड संख्या 44/26 (NEET छात्रा मौत मामला) को लेकर सोशल मीडिया पर तथ्यहीन और उत्तेजक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।
विवाद का कारण;
पुलिस के अनुसार, अमिताभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (X, फेसबुक, यूट्यूब) पर ऐसे दावे किए जो जांच को प्रभावित कर सकते हैं। दास ने इस संवेदनशील मामले में सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार को घसीटते हुए निम्नलिखित मांगें रखी थीं:
1) मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार का DNA टेस्ट कराया जाए।
2) CM आवास में आने-जाने वाले संदिग्धों के DNA सैंपल लिए जाएं।
3) उन्होंने आशंका जताई थी कि मामले में देरी होने पर आरोपी विदेश भाग सकता है।
पुलिस का पक्ष;
जांच अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की मॉनिटरिंग में अमिताभ दास और अन्य द्वारा किए गए पोस्ट तथ्यहीन पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इस तरह की बयानबाजी से न केवल जांच प्रक्रिया बाधित हो रही है, बल्कि समाज में भ्रम और उत्तेजना फैलाने की कोशिश की जा रही है। इसी के आधार पर FIR दर्ज कर तलाशी ली जा रही है।
