मिशन पाकिस्तान: सरहद पर मुकाबला, पटना में प्रार्थना; जीत की कामना के साथ सड़कों पर उतरे क्रिकेट प्रेमी
बिहार,सरहद पर मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच आज होने वाले हाई-वोल्टेज मैच को लेकर पूरे देश में जुनून चरम पर है। मैदान पर बल्ला चलने से पहले ही प्रशंसकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई है। राजधानी पटना में टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रशंसक भक्ति के मार्ग पर हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और आरती का आयोजन किया गया है। क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय खिलाड़ियों के पोस्टर लगाकर उन्हें ‘महादेव’ के स्वरूप में पूजा और जीत की मन्नत मांगी। प्रशंसकों का मानना है कि खिलाड़ियों के कौशल और ईश्वर के आशीर्वाद से आज पाकिस्तान की शिकस्त तय है।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह: “एक बिहारी सब पर भारी”
जमुई में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने बिहार के लाल ईशान किशन का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन पूरे देश के लिए गौरव की बात है। अंडर-19 के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी की सराहना करते हुए उन्होंने घोषणा की कि वैभव को जल्द ही बिहार बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही दोहराया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को हर संभव मंच और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।
गौरतलब है कि इस महामुकाबले में सबकी नजरें खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी टिकी होंगी। खेल के साथ-साथ सीमा पार के तनाव का असर मैदान पर भी दिखने की संभावना है। पिछले साल एशिया कप के दौरान भारतीय टीम ने आतंकी हमलों के विरोध में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। एशिया कप जीत के बाद पीसीबी चीफ से ट्रॉफी न लेने का फैसला भी चर्चा में रहा था।
