
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के उतरने के संकेत दिए हैं। इस संबंध में पार्टी की गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। चिराग ने रविवार को इस पर चर्चा करते हुए बताया कि पार्टी के सांसद राजेश वर्मा पश्चिम बंगाल में कैंप कर रहे हैं और वहां के राजनीतिक हालात का आकलन किया जा रहा है। चिराग ने यह भी कहा कि NDA की बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि लोजपा किस संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चिराग ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल और असम दोनों राज्यों में NDA की सरकार बनेगी।
दही-चूड़ा भोज और आभार यात्रा की घोषणा
चिराग पासवान ने बिहार में अपनी पार्टी की चुनावी जीत के लिए जनता का आभार जताने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने बताया कि खरमास समाप्त होने के बाद पार्टी आभार यात्रा निकालेगी। इसके साथ ही 15 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर लोजपा (रामविलास) द्वारा दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया जाएगा। इस भोज में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकत्रित किया जाएगा।
सांसद निधि पर बयान
चिराग पासवान ने सांसद निधि से जुड़े सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। सांसद शाम्भवी चौधरी द्वारा सांसद निधि फंड खर्च नहीं किए जाने के मुद्दे पर चिराग ने कहा कि वे अपने सांसदों और विधायकों के फंड की नियमित समीक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक फंड के खर्च की स्थिति पर ध्यान दिया जाता है, और अगर फंड खर्च नहीं होता तो वह चिंता का विषय होता है।
नीतीश कुमार को भारत रत्न की मांग का समर्थन
चिराग ने नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग का समर्थन किया और कहा कि यह फैसला केंद्र सरकार का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी मांग उठानी चाहिए, लेकिन अंतिम निर्णय केंद्र सरकार ही लेगी।
विपक्ष और कांग्रेस पर हमले
राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष और कांग्रेस पर हमला करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि CAA और NRC के नाम पर देश का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में SIR के नाम पर राहुल गांधी ने झूठे आरोप लगाए और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। चिराग ने कहा, “बिहारियों के साथ कुछ गलत होता है तो बिहारियों को बर्दाश्त नहीं होता, जब कुछ गलत हुआ ही नहीं, तो विरोध कैसा?”
इसके अलावा, मनरेगा पर भी चिराग ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार का साधन बना दिया था, जिसे अब केंद्र सरकार सुधार रही है। इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस के राम मंदिर और जी राम जी के मुद्दों पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर का विरोध किया और अब ‘जी राम जी’ के नाम से भी परेशान है।
