
बिहार में पुलिस का भ्रष्टाचार का बड़ा चेहरा सामने आया है। जहानाबाद के DSP संजीव कुमार के 3 ठिकानों पर शुक्रवार को स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने छापा मारा। पटना में उनकी आलीशान कोठी, जहानाबाद में उनके सरकारी आवास और खगड़िया में अस्पताल में रेड चल रही है। संजीव कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। SVU सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, DSP ने अवैध कमाई से काफी संपत्ति अर्जित की है। बताया जा रहा है कि DSP के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जहानाबाद में ही FIR भी दर्ज की गई है।
खगड़िया के नेक्टर अस्पताल में सुबह 8 बजे से रेड चल रही है। ये बिल्डिंग DSP की है। इसे उन्होंने किराए पर अस्पताल को दे दिया है। अस्पताल में मरीज भी भर्ती हैं उनका इलाज चल रहा है। 3 से 4 गाड़ियों में 10 अधिकारी यहां रेड करने पहुंचे हैं.जहानाबाद के गांधी मैदान में DSP के सरकारी आवास में छापेमारी चल रही है। यहां भी सुबह 8 बजे से रेड जारी है। 4 से 5 गाड़ियों में 10 से 15 अधिकारियों की टीम यहां पहुंची है। बाहर पुलिस तैनात है। पटना के आशियाना रोड पर DSP की आलीशान कोठी पर भी रेड चल रही है. सुबह करीब साढ़े 7 बजे टीम यहां पहुंची थी।
संजीव कुमार गुरुवार की शाम पटना स्थित आवास पर पहुंच गए थे। अभी घर के अंदर मौजूद हैं घर में सोने-चांदी के गहने मिले हैं। नाप-तौल के लिए सतीश नामक जौहरी को बुलाया गया है। जहानाबाद के DSP बनने से पहले संजीव कुमार CM सिक्योरिटी में थे। DSP बनने से पहले रामनगरी के सेक्टर 3 में ही एक दरोगा के मकान में रेंट पर रहते थे। बाद में प्लॉट खरीदा और मकान बनाया। आपसाप के लोगों ने बताया, DSP को तंत्र मंत्र में पूरा विश्वास है। अपने आवास पर अलग अलग प्रजाति के दो दर्जन से अधिक पक्षी हैं। कुत्ते भी पाले हैं SVU के DSP सुधीर कुमार ने बताया जहानाबाद डीएसपी के आवास से लाखों रुपए कैश और कई जमीन के कागजात मिले हैं। छापेमारी अभी चल रही है। हालांकि यह कैश कितनी है, यह पूरी तरह से क्लियर नहीं है। कैश और जमीन के कागजों का आकलन किया जा रहा है।
संजीव कुमार के खिलाफ आरोप है कि उन्होंने 1.52 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जुटाई है, जो उनकी एनुअल सैलरी से कहीं अधिक है। पुख्ता सबूत होने के बाद केस दर्ज किया गया। साथ ही कोर्ट से इनके ठिकानों को सर्च करने के लिए वारंट लिया गया। इसके बाद SVU की छापेमारी चल रही है. DSP के तीन लोकेशन पर SVU की अलग-अलग टीमें मौजूद हैं।
