बर्थडे मनाकर लौट रहे 3 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, डंपर से टक्कर के कारण हुआ हादसा
नवादा,पकरीबरावां थाना

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गयी। कचना मोड़ के पास डम्पर और बाइक की जोरदार टक्कर में तीनो युवकों की मौत हो गई है। तीनों युवक आपस में दोस्त थे और एक ही बाइक से कचना मोड़ के समीप बिशनपुर गांव के अपने एक अन्य दोस्त का जन्मदिन मना कर कार्यक्रम से लौट रहे थे।मगर इसी दौरान यह घटना हुई।
मृतकों की पहचान पकरीबरावां के शांति नगर मोहल्ला निवासी भरत मिस्त्री के इकलौते बेटे अमित कुमार, दशरथ मिस्त्री के पुत्र राजू कुमार और शेखपुरा जिले के सुकमा गांव निवासी रविन्द्र शर्मा के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। विकास फिलहाल पकरीबरावां में ही रह रहा था।
हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब उनकी बाइक को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित और राजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास को पहले पकरीबरावां अस्पताल और फिर नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।