
भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के टिकापुर गांव वार्ड नंबर 6 में गुरुवार की सुबह एक बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय शिवपूजन राय के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय भोला राय के पुत्र थे। घटना के समय वह अपने मवेशियों को बधार में छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से बदमाशों ने उनकी पीठ में गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। इस निर्मम हत्या की खबर से गांव और आसपास के इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
मृतक के नाती नीरज कुमार ठाकुर ने पुलिस को बताया कि यह हत्या तीन साल पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में मृतक के छोटे बेटे अभिषेक राय की गांव के ही प्रिंस सिंह से झड़प हुई थी। दरअसल, अभिषेक राय पैदल जा रहे थे और बाइक से आ रहे प्रिंस द्वारा कीचड़ उड़ाए जाने को लेकर कहासुनी हो गई थी, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
हालांकि, नीरज ने किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है, लेकिन घटना को पुरानी दुश्मनी से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है और हत्यारों की तलाश जारी है।
इस हत्याकांड से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। उनकी पत्नी प्रेम देवी, पुत्र मुकेश राय और अभिषेक राय, एवं पुत्रियों पूजा देवी और शोभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना ने एक बार फिर बिहार में ग्रामीण स्तर पर चल रहे आपसी विवाद और उनकी हिंसक परिणति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।